मुजफ्फरपुर, कुढ़नी प्रखंड की बंगरा बाजिद पंचायत के गिरफ्तार नवनिर्वाचित मुखिया अजहरुल हक उर्फ निराले को छुड़ाने के लिए शुक्रवार की सुबह समर्थकों ने मनियारी थाने पर हंगामा किया। इनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। वे थाने के अंदर बरामदे पर धरना पर बैठ गईं। मुखिया की रिहाई की मांग करने लगी। मनियारी पुलिस के समझाने पर भी नहीं मान रही थीं। अंत में मुखिया के आश्वासन पर महिलाएं थाने से लौटीं।

मनियारी पुलिस ने गिरफ्तार नवनिर्वाचित मुखिया मो. अजहरुल हक उर्फ निराले, मो. अमानुल हक, मो. इबरार अहमद, मो. अजमत, मो. जियाउल्लाहा, मो. ऐसशानुल हक, मो. गुफरानुल हक, मो. सनाउल्लाह, मो. महताब, मो. शहनवाज, मो. एकरामुल हक, मो. एजाजुल हक, मो. अनिरुल हक और मो. अनामुल हक को कोर्ट में पेश किया, जहां से सुनवाई के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बीते गुरुवार को मुखिया के विजय जुलूस के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई थी। दोनों तरफ से फायरिंग व चाकूबाजी हुई थी। इसमें एक पक्ष से दो लोगों को गोली लगी थी, जबकि दूसरे पक्ष के पूर्व सरपंच व उसका बेटा चाकूबाजी में गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। पुलिस ने एक पक्ष से नवनिर्वाचित मुखिया समेत 14 और दूसरे पक्ष से पूर्व सरपंच अफरोज आलम सहित दो को गिरफ्तार किया था। पूर्व सरपंच व एक अन्य को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। दोनों पक्ष को ओर से तीन दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। फिलहाल गांव में तनाव है। पुलिस कैंप कर रही है।

Input : Live hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *