मुजफ्फरपुर, नगर थाना के पुरानी गुदरी इलाके से गायब 17 वर्षीया छात्रा का 13 दिन बाद भी सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार को परिजनों का आक्रोश भड़क गया। प्रभात सिनेमा चौक के पास सड़क पर टायर जलाकर बवाल किया। यातायात ठप करा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। एक पुलिस पदाधिकारी पर छापेमारी करने के लिए मटन बिरयानी खाने व निजी गाड़ी मंगवाने का भी आरोप लगाया। बवाल की सूचना पर दारोगा सुनील कुमार पंडित पुलिस टीम के साथ पहुंचे और छात्रा को सकुशल बरामद करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अबतक की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने पुलिसकर्मियों से नोकझोंक की। दिन के 11 बजे से दोपहर एक बजे तक बवाल चला।


आवेदन के मुताबिक, 11 अक्टूबर की शाम पुरानी बाजार से छात्रा गायब है। वह घर से किराना का सामान लेने के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर बाद भी नहीं लौटी। उसके पिता ने खोजबीन शुरू की। जानकारी मिली कि बगल में काम करने वाला एक मजदूर बरुराज थाना के नुनिया डीह का अखिलेश राम ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ गलत नीयत से ले गया है। जब लड़की के पिता उसके घर गए तो आरोपित के परिजन ने गाली-गलौज की। मारपीट कर भगा दिया।

छात्रा के पिता ने नगर पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह केस दर्ज कराने गए तो उनके साथ बदसलूकी की गई। थाने के एक पदाधिकारी ने एफआईआर दर्ज करने से पहले मटन बिरयानी खिलाने के लिए कहा था। चिकेन बिरयानी नहीं मटन बिरयानी खिलाने का दबाव दिया था। पीड़ित ने मटन बिरयानी मंगवाकर उन्हें खिलाई। फिर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। वहीं, दारोगा थानेदार सुनील पंडित ने बताया कि पुलिस पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। केस दर्ज होने के बाद सीडीआर भी निकाला गया है। दो संदिग्ध नंबर मिले हैं। एक नंबर उसके परिवार का ही है। दूसरे को ट्रेस किया जा रहा है। आगे आईओ अनुसंधान कर रहे हैं। जल्द लड़की को बरामद किया जाएगा। आरोपित भी गिरफ्तार होगा।

Input : Live hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *