Bihar Police attacked: करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव दक्षिणी वार्ड-छह टोले भररा जान में शनिवार को एक मामले के आरोपित को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। वहीं, आरोपित को छुड़ा लिया और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पत्थरबाजी में दो जवानों को आंशिक चोट आई है। मौके की नजाकत देखते हुए पुलिस वहां से निकल गई। इस दौरान एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

करजा पुलिस जमीन के विवाद के मामले के आरोपित जैनुल मियां को गिरफ्तार करने गई थी। उसे गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठा लिया। इस पर वह जीप से कूद गया और उसके आगे आकर सड़क पर लेट गया। इसी दौरान आसपास के दर्जनों लोग वहां पहुंच गए और विरोध किया। महिलाओं ने पुलिस वाहन को घेर लिया और लाठी-डंडे से बोनट को क्षतिग्रस्त कर आरोपित को छुड़ा लिया। इस पर पुलिस की टीम वहां से भाग निकली। इस दौरान एक महिला को हिरासत में लेकर पुलिस जीप में बैठाकर थाने ले आई। मौके पर क्यूआरटी को भी बुलाया गया है। बताते चलें कि एक महीने पहले मुन्ना मियां और हलीम मियां के बीच जमीन के विवाद में मारपीट व आगजनी हुई थी। इसके बाद करजा थाने में दोनों ओर से मामला दर्ज कराया गया था।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार राकेश ने बताया कि नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार करने केस के आइओ अनिल सिंह दल-बल के साथ गए थे। इस दौरान मो. मुन्ना के समर्थकों ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करते हुए पत्थरबाजी की। माहौल खराब करने वालों को चिह्वित कर कार्रवाई की जाएगी।

इनपुट : दैनिक जागरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *