मुजफ्फरपुर जिले के फकुली थाना क्षेत्र अंतर्गत मलकौनी गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान चन्द्रेश्वर राय (56), उनके पुत्र और उनके नाती के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा घर के शौचालय में उस समय हुआ जब पानी गर्म किया जा रहा था। इसी दौरान शौचालय रूम में मौजूद बिजली के तार की चपेट में आने से पहले चन्द्रेश्वर राय को करंट लगा। उन्हें बचाने के प्रयास में उनके पुत्र और नाती भी मौके पर पहुंचे, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों करंट की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फकुली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस मामले में बिजली विभाग के विद्युत कार्यपालक अभियंता मोहम्मद साजिद हुसैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शौचालय में पानी गर्म करने के दौरान करंट फैला, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि इस घटना में बिजली विभाग की कोई तकनीकी लापरवाही सामने नहीं आई है। सूचना मिलने पर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई थी, जिसे स्थिति सामान्य होने पर ग्रामीणों के आग्रह पर पुनः चालू किया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर घरेलू स्तर पर बिजली के उपयोग में सतर्कता और सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Posted inmuzaffarpur News
