मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। तुर्की थाना क्षेत्र के गोरैया गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-283 में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने आंगनबाड़ी केंद्र में घुसकर सिलेंडर, बर्तन और अन्य आवश्यक सामानों की चोरी कर ली थी। घटना के बाद प्राप्त आवेदन के आधार पर तुर्की थाना में कांड संख्या-139/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में तुर्की थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों—नीरज कुमार और संतोष कुमार (दोनों निवासी तुर्की, मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से आंगनबाड़ी केंद्र से चोरी किए गए सामान भी बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
बरामद सामानों में शामिल हैं:
2 गैस सिलेंडर, 1 मोटर, 1 गैस चूल्हा, 1 तिरपाल, 1 पंखा, बड़े-छोटे पतिला, 18 गिलास, 20 कटोरा, 22 थाली, 30 चम्मच, 1 जग, 1 डब्बा, 1 कलछुल, 1 छोलनी, 1 कड़ाही, 1 चाकू, 2 कुर्सी और 1 मीटर काटा समेत अन्य सामग्री।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है और मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच का परिणाम मानी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
