मुजफ्फरपुर | Tirhut Now
मुजफ्फरपुर के भगवानपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई 25 वर्षीय निशा कुमारी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में राहुल यादव नामक युवक को मुख्य आरोपी बताया गया है, जिसने निशा की गोली मारकर हत्या कर दी।
एसडीपीओ टाउन-2 विनीत सिन्हा के मुताबिक, आरोपी राहुल यादव और निशा कुमारी के बीच प्रेम संबंध था। लेकिन यह रिश्ता धीरे-धीरे ब्लैकमेलिंग में बदल गया। राहुल, निशा के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए उसे लगातार दबाव में रख रहा था।
सोमवार शाम निशा इसी विवाद को सुलझाने और फोटो-वीडियो डिलीट करवाने के लिए राहुल से मिलने भगवानपुर पहुंची थी। मंदिर के पास दोनों के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर राहुल ने पहले दोनों मोबाइल फोन तोड़ दिए और फिर निशा के सिर में गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा, दो टूटे मोबाइल फोन और आरोपी का चप्पल बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि निशा के परिवार को इस रिश्ते और ब्लैकमेलिंग की जानकारी थी। परिजन इस संबंध के खिलाफ थे और उन्होंने निशा की शादी कहीं और तय कर दी थी।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। यह घटना एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते अपराध और ब्लैकमेलिंग के खतरनाक अंजाम को उजागर करती है।
