मुजफ्फरपुर में गैस संकट! खाली सिलेंडर लेकर डीएम ऑफिस पहुंचे लोग

मुजफ्फरपुर में गैस संकट! खाली सिलेंडर लेकर डीएम ऑफिस पहुंचे लोग

मुजफ्फरपुर: शहर में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी अब खुलकर सामने आने लगी है। गैस सिलेंडर की समय पर डिलीवरी नहीं होने से नाराज उपभोक्ताओं ने गुरुवार को अनोखे तरीके से विरोध जताया। बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर समाहरणालय पहुंच गए और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।


सिकंदरपुर इलाके से आए उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्होंने पांच से दस दिन पहले तक गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई। लोगों ने अपने मोबाइल पर आए बुकिंग मैसेज दिखाते हुए बताया कि लगातार इंतजार के बावजूद गैस नहीं मिल रही है, जिससे घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है।


उपभोक्ताओं ने सिकंदरपुर स्थित दामोदर गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि एजेंसी पर सामान्य उपभोक्ताओं को गैस नहीं दी जा रही, जबकि अधिक कीमत देने वालों को आसानी से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसे लेकर लोगों ने ब्लैक मार्केटिंग की आशंका जताई।


नाराज उपभोक्ता पहले डीएम आवास पहुंचे, लेकिन वहां से उन्हें समाहरणालय जाने की सलाह दी गई। समाहरणालय पहुंचने के बाद भी किसी अधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई।


उधर प्रशासन का कहना है कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है। हालांकि, एसडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद उपभोक्ताओं को राहत मिलती है या नहीं।