मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। लौतन चौक के पास स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
घटना के दौरान बदमाशों ने सबसे पहले 60 वर्षीय दीप लाल साह को निशाना बनाया, जो लंबे समय से चौक पर भीख मांगकर अपना जीवन यापन कर रहे थे। अचानक हुई गोलीबारी में उन्हें सीने में गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस निर्मम हत्या से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेजी से स्कूटी पर सवार होकर आगे बढ़ गए। इसी दौरान उन्होंने गांगी छपरा गांव में एक और बुजुर्ग, 60 वर्षीय भोला सिंह, को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि भोला सिंह सुबह घर से बाथरूम जाने के लिए निकले थे, तभी अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके मुंह में जा फंसी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल भोला सिंह को आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मीनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
