मुजफ्फरपुर: डीसीएलआर पश्चिमी कोर्ट में रिश्वतखोरी का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर: डीसीएलआर पश्चिमी कोर्ट में रिश्वतखोरी का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर में राजस्व भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) पश्चिमी के न्यायालय से जुड़े एक कर्मचारी का कथित तौर पर रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।


एसडीओ पश्चिमी आकांक्षा आनंद ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आते ही जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीसीएलआर पश्चिमी स्नेहा कुमारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनसे 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट तलब की गई है। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि बुधवार शाम तक रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी।


वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति के बारे में दावा किया जा रहा है कि वह डीसीएलआर पश्चिमी कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है और उसका नाम राकेश कुमार बताया जा रहा है। आरोप है कि एक मामले में केस नंबर देने और नोटिस जारी करने के एवज में रुपये की मांग की जा रही थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने चोरी-छिपे लेनदेन का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


हालांकि, ‘तिरहुत नाउ’ इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि अगर आरोप सही पाए गए, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।