मुजफ्फरपुर: सीएससी संचालक पर अवैध वसूली का केस, आयुष्मान अभियान में सख्ती।

मुजफ्फरपुर: सीएससी संचालक पर अवैध वसूली का केस, आयुष्मान अभियान में सख्ती।

मुजफ्फरपुर, 26 मई 2025: जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए 26 से 28 मई तक चल रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ आज हुआ। जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कांटी प्रखंड के लश्करीपुर पंचायत भवन और हरिसिंह उच्च विद्यालय छपरा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) संचालक द्वारा अवैध राशि वसूली की शिकायत सामने आई। जांच में मामला सत्य पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर पानापुर थाने में राहुल इंटरप्राइजेज, गोदाईपुर फुलकाहां के संचालक के खिलाफ कांड संख्या 82/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गरीबों से अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं होगी। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ-साथ उनकी संबद्धता/लाइसेंस रद्द किया जाएगा। सभी सीएससी कर्मियों को समय पर उपस्थित होने और ईमानदारी से कार्य करने की सख्त हिदायत दी गई। जिला प्रबंधक आशुतोष कुमार और आदित्य कुमार को कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, अन्यथा उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।


जिलाधिकारी ने अभियान की सफलता के लिए क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्रगति की समीक्षा की। सभी प्रखंड अधिकारियों को केंद्रों पर कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारियों को भी क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों में सुधार लाने को कहा गया।


इसके अतिरिक्त, डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत अनुसूचित जाति और जनजाति टोलों में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, नल-जल योजना आदि की प्रगति की समीक्षा की गई। मीनापुर, मरवन, पारू और औराई के असंतोषजनक प्रदर्शन पर सुधार के निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने हरिसिंह उच्च विद्यालय छपरा का भी निरीक्षण किया, जहां 650 छात्र नामांकित हैं और 75% से अधिक उपस्थित पाए गए। उन्होंने कंप्यूटर सुविधा को कार्यरत रखने और बच्चों से फीडबैक लेने का निर्देश दिया।