मुजफ्फरपुर, 29 जनवरी 2026। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में यह परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिले के कुल 81 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें 58,344 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने एमआईटी सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और केंद्राधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों को सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रवेश पत्र व पहचान पत्र अनिवार्य
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए वैध प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य होगा। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा।
सघन जांच, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से निगरानी
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सघन तलाशी की व्यवस्था रहेगी। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और चिट-पुर्जों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधा
दिव्यांग परीक्षार्थियों को श्रुतिलेखक की सुविधा तथा प्रति घंटे 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके लिए पूर्व में आवेदन अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों, अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

