मुजफ्फरपुर, 17 फरवरी 2026। तिरहुत प्रमंडल के किसानों के लिए प्रेरणा और नवाचार का केंद्र बने प्रमंडल स्तरीय बागवानी महोत्सव 2026 का भव्य आगाज मुसहरी स्थित लीची अनुसंधान केंद्र में हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन तिरहुत प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया और बड़ी संख्या में किसान, गार्डनर व पुष्प प्रेमी कार्यक्रम में शामिल हुए।
उद्घाटन के बाद आयुक्त ने कृषि विभाग द्वारा लगाए गए 10 स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शित आधुनिक तकनीकों और उत्पादों की जानकारी ली तथा किसानों से संवाद कर वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीक और योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
महोत्सव में पारंपरिक फल, फूल और सब्जियों के साथ पॉली हाउस में उगाई गई शिमला मिर्च, मशरूम, शहद, पान के पत्ते और मौसमी फूलों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। आधुनिक पैकेजिंग और गुणवत्ता ने किसानों का खास ध्यान खींचा।
इस वर्ष 15 वर्गों की 46 शाखाओं में प्रदर्शन दर्ज किए गए हैं। वैज्ञानिकों की समिति द्वारा मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को ₹3000, ₹2000 और ₹1500 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
महोत्सव का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक, बेहतर विपणन और मूल्य संवर्धन से जोड़कर उद्यानिकी क्षेत्र को नई दिशा देना है।
