मुजफ्फरपुर (कांटी)। कांटी विधानसभा क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर निवासी वायु सेवा के सार्जेंट रहे शहीद प्रशांत शेखर के निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार की सुबह कांटी के विधायक सह पूर्व मंत्री अजीत कुमार शहीद के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक अजीत कुमार ने शहीद प्रशांत शेखर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रशांत शेखर की शहादत से पूरा कांटी विधानसभा क्षेत्र गहरे दुख में है। उनका बलिदान हमेशा लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
इस दौरान विधायक ने शहीद की स्मृति में मुख्य सड़क से उनके घर तक पक्की सड़क बनवाने और इलाके में बिजली की समुचित व्यवस्था कराने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार के साथ पूरा समाज खड़ा है और हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इस मौके पर कई स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। इनमें वकील सहनी, धर्मेंद्र मिश्रा, मंकू पाठक, राकेश कुमार सिंह, रमेश पाठक, पंडित धर्मेंद्र तिवारी, वीरेंद्र राम, किशोर गुप्ता, पंडित शंभूनाथ चौबे और पंडित साकेत रमन पांडे समेत अन्य लोग शामिल थे, जिन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
