नई दिल्ली, शुक्रवार को देश में कोरोना का मामला 800000 के पार हो गया. अब हर 10 लाख की आबादी में 578 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। 16 मरीजों की मौत हो रही है। हर दो दिन में 50 हजार केस बढ़ रहे है. देश में 30 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। इसके 110 दिन बाद यानी 10 मई को यह संख्या बढ़कर एक लाख हुई। फिर संक्रमण की रफ्तार में इतनी तेजी आई कि महज 15 दिनों में ही आंकड़ा 2 लाख के पार हो गया। इसके बाद संक्रमितों की संख्या 2 से बढ़कर 3 लाख होने में महज 10 दिन लगे। 3 से 4 लाख मामले होने में 8 दिन और 4 से 5 लाख मामले होने में केवल 6 दिन लगे। केस बढ़ने की यह रफ्तार लगातार तेज हो रही है। 5 से 6 लाख और 6 से 7 लाख मामले होने में केवल 5-5 दिन लगे। इस बार 7 से 8 लाख मामले होने में केवल 4 दिन लगे। मतलब हर दो दिन में औसतन 50 हजार केस सामने आए।

राहत की बात ये है की अभी तक जितने लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उनमें से 62% से ज्यादा लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने का आंकड़ा 5 लाख के पार हो गया। आधे से ज्यादा मरीज ठीक हो गए, अभी इनमें से केवल 2.80 लाख मरीजों का देश के अलग-अलग अस्पतालों में या घरों पर इलाज चल रहा है। 2.75% मरीजों ने दम तोड़ दिया। उधर, अमेरिका का डेथ रेट सबसे ज्यादा 4.21% है। ब्राजील में अब तक 3.93% मरीजों की जान जा चुकी है।

भारत के लिए एक और राहत की बात है। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश होने के बावजूद यहां संक्रमण का स्तर अन्य देशों के मुकाबले काफी कम हैं। भारत में अब तक एक करोड़ 11 लाख लोगों की कोरोना टेस्टिंग हो चुकी है। इनमें सिर्फ 7.2% लोग ही संक्रमित मिले। अमेरिका में 4 करोड़ टेस्टिंग हुई है और इनमें 8.01% लोग पॉजिटिव पाए गए। सबसे खराब हालत ब्राजील की है। यहां अब तक 45 लाख लोगों की जांच हुई और इनमें 38.96% लोग संक्रमित मिले हैं। भारत में कुल संक्रमितों में 29.44% लोग महाराष्ट्र से ही हैं। मौत के आंकड़ों को देखें तो अब तक हुई कुल मौतों में 44.85% लोग इसी राज्य से थे। देश का दूसरा सबसे संक्रमित राज्य तमिलनाडु है। 8 लाख संक्रमितों में 15.82% लोग यहीं से हैं। देश की राजधानी दिल्ली के 13.38% संक्रमित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *