मैट्रिक परीक्षा 2026: मुजफ्फरपुर में कदाचार पर कड़ा पहरा, डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण

मैट्रिक परीक्षा 2026: मुजफ्फरपुर में कदाचार पर कड़ा पहरा, डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण

मुजफ्फरपुर | 17 फरवरी 2026|मुजफ्फरपुर में वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा 2026 के पहले दिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट और एक्टिव दिखा। प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने महिला शिल्प कला महाविद्यालय सहित कई केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा, तलाशी और प्रवेश व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और कदाचार पर शून्य सहिष्णुता की नीति लागू है।


82 केंद्र, 200 गज तक निषेधाज्ञा
17 से 25 फरवरी तक चलने वाली परीक्षा के लिए जिले में कुल 82 केंद्र बनाए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सभी केंद्रों के 200 गज दायरे में निषेधाज्ञा लागू है। पांच या अधिक व्यक्तियों के जमावड़े, ध्वनि विस्तारक यंत्रों और हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।


समय से प्रवेश अनिवार्य
प्रथम पाली 9:30 बजे से (प्रवेश अधिकतम 9:00 बजे तक) और द्वितीय पाली 2:00 बजे से (प्रवेश 1:30 बजे तक) होगी। देरी से आने वालों को अनुमति नहीं मिलेगी। शहर में अग्निवीर भर्ती के कारण संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए समय से पहले पहुंचने की अपील की गई है।


जूता-मोजा व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वर्जित
जूता-मोजा पहनकर प्रवेश पर रोक है। मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पेजर, व्हाइटनर आदि प्रतिबंधित हैं। हर केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि परीक्षा शांतिपूर्ण, स्वच्छ और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराई जाएगी।