मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में कानून को हाथ में लेने का एक गंभीर मामला सामने आया है। बसंत पंचायत में ग्रामीणों ने एक युवक को कथित तौर पर सजा देने के नाम पर उसका आधा सिर मुंडवा दिया, चेहरे पर कालिख पोत दी और गले में गमछा बांधकर पूरे गांव में घुमाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
बताया जा रहा है कि युवक मूल रूप से पड़ोसी जिला सीतामढ़ी का रहने वाला है और लंबे समय से औराई इलाके में रह रहा था। उस पर गांव की एक दिव्यांग (गूंगी) महिला के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और आनन-फानन में पंचायत बुलाकर मामले की सुनवाई की गई।
पंचायत में युवक को दोषी मानते हुए उस पर 5001 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया। हालांकि इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय खुद ही उसे सजा देने का फैसला कर लिया। भीड़ ने युवक का सिर मुंडवाकर उसके चेहरे पर कालिख पोत दी और गांव की गलियों में घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे।
इधर, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। डीएसपी ईस्ट (वन) अलय वत्स ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। अगर पंचायत या ग्रामीणों द्वारा इस तरह की सजा देने की बात सही पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पंचायत में मुख्य भूमिका किसकी थी और युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करने में कौन-कौन लोग शामिल थे।

