करीब तीन दशकों से बिहार की राजनीति जिन दो बड़े चेहरों—मुख्यमंत्री Nitish Kumar और राजद सुप्रीमो Lalu Prasad Yadav—के इर्द-गिर्द घूमती रही, अब वही सियासी विरासत नई पीढ़ी के हाथों में जाती दिख रही है। अगले महीने राज्य की राजनीति में एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है, जब Tejashwi Yadav और Nishant Kumar बिहार दौरे पर आमने-सामने नजर आएंगे।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवा चेहरे अपनी-अपनी पार्टियों के एजेंडे और ताकत को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी में हैं। जहां तेजस्वी यादव पहले से ही राज्य की राजनीति में सक्रिय और अनुभवी माने जाते हैं, वहीं निशांत कुमार के लिए यह दौरा राजनीतिक जमीन तैयार करने की दिशा में पहला बड़ा कदम माना जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो निशांत कुमार चंपारण से अपनी यात्रा की शुरुआत कर सकते हैं। उनका फोकस जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़ने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर रहेगा। दूसरी ओर, तेजस्वी यादव अपने दौरे के दौरान राज्य सरकार की नीतियों और हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर आक्रामक रुख अपनाएंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ दो नेताओं का दौरा नहीं, बल्कि बिहार में नई वैचारिक लड़ाई की शुरुआत है। एक ओर अनुभव और स्थापित जनाधार के साथ तेजस्वी हैं, तो दूसरी ओर नई एंट्री के साथ निशांत, जो अपनी पहचान बनाने की चुनौती के साथ मैदान में उतर रहे हैं।
आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे ज्यादा समर्थन देती है और बिहार की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
