निर्माणाधीन इथनॉल प्लांट में मजदूर की संदिग्ध हालात में मौ-त, जांच में जुटी पुलिस

निर्माणाधीन इथनॉल प्लांट में मजदूर की संदिग्ध हालात में मौ-त, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर | Tirhut Now


मुजफ्फरपुर जिले में एक निर्माणाधीन इथनॉल प्लांट से जुड़े मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। राजेपुर ओपी क्षेत्र के पानापुर इलाके में काम कर रहे एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद जहां कार्यस्थल और आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक पानापुर स्थित निर्माणाधीन इथनॉल प्लांट के समीप बने एक कमरे में सोया हुआ था। सोमवार की सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा, तो आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना राजेपुर ओपी पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक निरीक्षण के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया।


पुलिस ने मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनगांव निवासी मैनेजर दूबे के पुत्र राज कुमार दूबे के रूप में की है। राज कुमार दूबे पानापुर में निर्माणाधीन इथनॉल प्लांट में मजदूरी का कार्य कर रहा था और वहीं रहकर काम करता था।


घटना की सूचना मिलते ही मृतक के स्वजन मौके पर पहुंच गए। बेटे की असामयिक मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग और परिचित स्वजनों को सांत्वना देते नजर आए।


राजेपुर ओपी पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।