मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गरीबस्थान मंदिर से सटे केपी पथ में बदमाशों ने पान दुकानदार मनोज कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले मनोज को पटककर जमीन पर गिराया और फिर चाकू से उसका गला रेत दिया। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मनोज को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही नगर एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार और नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। एएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक की मां का बयान दर्ज किया जा रहा है और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृतक की मां मुन्नी देवी ने बहू के प्रेमी और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मनोज की शादी दस साल पहले निशू देवी से हुई थी और उसके दो छोटी बेटियां हैं। आरोप है कि मनोज की पत्नी का लंबे समय से गरीबस्थान मंदिर के पास स्थित एक आभूषण दुकान में काम करने वाले कारीगर से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
मंगलवार की सुबह मनोज ने पत्नी का मोबाइल चेक किया, जिसमें आपत्तिजनक चैट, फोटो और वीडियो कॉल के सबूत मिले। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी घर से निकल गई। आरोप है कि इसके बाद प्रेमी को इसकी जानकारी दी गई और साजिश के तहत मनोज को फोन कर बुलाया गया। थोड़ी ही देर बाद केपी गली में उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

