समस्तीपुर रेल मंडल में सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चलती ट्रेन में खुद को टिकट जांच कर्मी बताकर यात्रियों से अवैध वसूली करने वाले एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को गाड़ी संख्या 17006 से बरौनी गए एक टिकट निरीक्षक को वापसी के दौरान यात्रियों ने शिकायत दी कि गाड़ी संख्या 12578 के सामान्य कोच में एक अनजान व्यक्ति स्वयं को टिकट चेकिंग स्टाफ बताकर यात्रियों के टिकट जांच रहा है और टिकट न होने पर पैसे की मांग कर रहा है।
यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित टिकट निरीक्षक तुरंत शिकायतकर्ता यात्रियों के साथ उक्त ट्रेन के सामान्य कोच में पहुंचे। वहां देखा गया कि एक व्यक्ति यात्रियों से टिकट मांगते हुए खुद को अधिकृत टिकट निरीक्षक बता रहा है।
पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम हर्षवर्धन भारद्वाज उर्फ चुलबुल (उम्र लगभग 43 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामाशीष सिंह, निवासी ग्राम तेघड़ा, थाना तेघड़ा, वार्ड संख्या-01, जिला बेगूसराय बताया। जब उससे टिकट जांच से संबंधित वैध पहचान पत्र और अधिकार पत्र मांगा गया, तो वह कोई भी अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अनधिकृत रूप से टिकट जांच करने की बात स्वीकार कर ली।
इसी दौरान ट्रेन समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई, जहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं RPF CIB की मदद से उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे पुलिस (GRP), समस्तीपुर के सुपुर्द कर दिया गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि किसी भी ट्रेन या स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति टिकट जांच या अवैध वसूली करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत ऑन-ड्यूटी रेलकर्मियों, RPF या GRP को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

