मुजफ्फरपुर, 7 फरवरी 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को जिला परिषद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद की अध्यक्षा रीना देवी ने की, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण, बिजली आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), पथ निर्माण विभाग तथा ग्रामीण कार्य विभाग समेत कई विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
अध्यक्षा रीना देवी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही सभी सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, इसलिए कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित सुझाव रखे। इस पर अध्यक्षा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और उठाए गए मुद्दों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित सदस्यों को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का लाभ समय पर और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सके। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
इस अवसर पर सांसद वीणा देवी, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, विधायक अजीत कुमार, रंजन कुमार, कोमल सिंह और बेबी कुमारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला परिषद की उपाध्यक्ष निरुपमा सिंह, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, उप विकास आयुक्त और कई विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
