मुजफ्फरपुर, पारू थाने के एक गांव में बहनोई के घर आयी 17 वर्षीया नौवीं की छात्रा की हत्या कर शव को सरसों के खेत में फेंक दिया गया। बुधवार सुबह उसकी लाश घर से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर मिली। गला रेतकर उसकी हत्या की गई है। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस दुष्कर्म की भी आशंका जता रही है।

किशोरी मंगलवार शाम से ही गायब थी। वह किसी से मोबाइल पर बात करने के बाद घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। शाम तक परिजनों ने एफआईआर के लिए थाने में आवेदन नहीं दिया था। थानेदार राजेंद्र साह ने बताया कि दुष्कर्म की पुष्टि रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो पाएगी। पोस्टमार्टम में इस बिंदू पर भी साक्ष्य संकलन करने का आग्रह किया गया है।

वहीं किशोरी के बहनोई ने पुलिस को बताया कि वह सटरिंग कारीगर है। मंगलवार रात को काम कर घर लौटने पर पत्नी ने उसे बताया कि छात्रा गायब है। उसे किसी का कॉल आया था। उसने मोबाइल पर काफी देर तक कॉल करने वाले से बात की। इसके बाद घर से निकली तो वापस नहीं लौटी। बहनोई व बहन ने इसकी सूचना किशोरी के मां व परिवार के लोगों को दी। सभी मिलकर गायब छात्रा की तलाश करने लगे। रात गुजर गई लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। सुबह में उसका शव घर से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर सरसों के खेत में देखा गया। इसके बाद बहनोई व परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। काफी संख्या में ग्रामीण भी जुट गये थे। शव के पास सरसों की फसल रौंदा हुआ था। इससे आशंका है कि तोड़ी के खेत में ही किशोरी की पटककर हत्या की गई। मोबाइल किशोरी की बहन का ही था जिस पर कॉल आने के बाद उसने बात की थी। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर उसको खंगाल रही है। पता लगाया जा रहा है कि कॉल करने वाला कौन था। पुलिस को प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात भी पता चली है। इसी वजह से किशोरी को उसके परिवार वालों ने बहनोई के यहां भेज दिया था।

Input : live hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *