मुजफ्फरपुर, मिठनपुरा थाना क्षेत्र की नंद विहार कालोनी में शनिवार की देर रात बदमाशों ने एक माल के सेल्समैन पारू दाउतपुर के आदित्य राज को गोली मार दी। उनके दाहिने हाथ में गोली लगी है। गोली की आवाज सुनने पर स्थानीय लोगों को आता देख बाइक सवार बदमाश भाग निकले। इसके बाद घायल का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।

सीसी कैमरे में बदमाशों की तस्‍वीर कैद

पीड़ित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह नंद विहार कालोनी में मां के साथ किराये के मकान में रहता है। वह शहर के एक माल में काम करता है। मामले में बाइक सवार दो बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है। थानाध्यक्ष श्रीकांत सिन्हा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास में लगे सीसी कैमरे को खंगाला जा रहा है। एक फुटेज में बाइक सवार बदमाश को तेजी से भागते हुए देखा गया है। छानबीन में मौके से एक खोखा भी मिला है। बताया गया कि एक दिन पहले ही उसने माल में सेल्समैन का काम शुरू किया है। काम से लौटने के बाद वह मुहल्ले में एक दोस्त से मिलने गया था। देर रात वह घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पहले नाम पूछा। फिर उससे मोबाइल मांगा, मगर उसने देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। एक गोली लगने के बाद वह दौड़कर झाड़ी में छिप गया। इस क्रम में उसका मोबाइल भी गिर गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि लूटपाट में स्मैकियर गिरोह के द्वारा गोली मारी गई है। बहरहाल विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

दुकान में महिला के पर्स से मोबाइल उड़ाया

रविवार को नगर थाना से चंद कदमों की दूरी पर ही मोतीझील स्थित एक दुकान में खरीदारी कर रही महिला के बैग से मोबाइल उड़ा लिया गया। घटना के बाद दुकान पर मौजूद ग्राहकों में अफरातफरी मच गई। बताया गया कि महिला सकरा के सीहो इलाके की रहने वाली है। वह दो बेटियों के साथ दीपावली व छठ पूजा की खरीदारी करने आई थी। मामले में महिला ने नगर थाने में शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि दुकान के सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर बदमाश की पहचान की जाएगी।

इनपुट : जागरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *