करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव ढाला के समीप से मंगलवार की देर शाम बारात लेकर दूसरी शादी करने जा रहे पत्नी के हत्यारोपित को करजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति बड़कागांव नया टोला निवासी नंदू महतो का पुत्र सुरेंद्र महतो है।
बताया गया कि पिछले पांच वर्ष पहले अपनी पत्नी को दहेज के लिए जलाकर मार डालने का आरोपित फरार चल रहा था। वह अपनी दूसरी शादी के लिए सज-धज कर दूल्हा बनकर कार में बैठकर बारात के साथ जा रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित शादी के लिए जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने ढाला के समीप वाहन चेकिंग लगाकर लड़के को गिरफ्तार कर लिया।
दूल्हे की गिरफ्तारी के बाद बाराती पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। सभी बाराती बैरंग वापस अपने घर लौट गए। थानाध्यक्ष राजेश कुमार राकेश ने बताया कि आरोपित दूल्हे को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।
Input : live hindustan
Advertisment

