मुजफ्फरपुर में जमीन के विवाद में छे साल के एक मासूम की हत्या कर दी गयी। पारू थाने के सखरा गांव में पट्टीदारों ने भूमि विवाद में छह वर्षीय बालक का अपहरण कर हत्या कर दी। शव को पानी भरे चौर में डूबा दिया। अपहरण के पांच दिन बाद सोमवार को पुलिस ने चचेरे भाई से सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद हत्या का खुलासा हुआ। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी ने किया हत्या का खुलासा

मृत बालक की पहचान गांव के संदीप भगत के इकलौते पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ प्रिंस (6) के रूप में हुई। मामले में एसडीपीओ सरैया राजेश शर्मा ने बताया कि परिजनों की रंजिश में बालक की हत्या हुई है। घटना जघन्य है। मृत के पट्टीदार व आसपास के लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। एक को गिरफ्तार किया गया जिससे मामले का खुलासा हुआ। उसने दो और लोगों के नाम पुलिस को बताया है जिसकी तलाश की जा रही है। शव सड़ जाने के कारण हत्या कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसका खुलासा हो सकेगा। मामले में पहले से अपहरण की धारा में एफआईआर दर्ज है। केस में अब हत्या, साजिश आदि की धाराएं जोड़ी जाएंगी।

दरवाजे से हुआ था गायब

13 अक्टूबर की शाम घर के दरवाजे से बालक गायब हो गया। पिता ने थाने में शिकायत दर्ज करायी। इस आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। परिजन लगातार खोज में लगे थे। इसी बीच पुलिस वीरेंद्र भगत को हिरासत में लिया था।

भागने का किया प्रयास

थानेदार राजेंद्र साह ने बताया कि सोमवार सुबह वीरेन्द्र शौच जाने के बहाने पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास किया। लेकिन पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया। थानेदार ने बताया कि अभिषेक की हत्या जमीन हड़पने की नीयत से की गई है।

चार बहनों में सबसे छोटा था प्रिंस

अभिषेक कुमार उर्फ प्रिंस की हत्या से गांव में तनाव व्याप्त है। संदीप भगत को चार बेटी के बाद पुत्र हुआ था। संदीप गांव में ही खेती करते हैं। प्रिंस की मां पूनम देवी और पिता संदीप भगत बेटे की मौत से सदमे में हैं। बहन रिंकी कुमारी, अमृता कुमारी, संगीता कुमारी व काजल का भी बुरा हाल है। आसपास के लोग उनकी देखभाल कर रहे हैं।

Input : Live hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *