सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड अंतर्गत बालिगढ़ स्थित सीपी इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल के लिए यह क्षण गौरव और उपलब्धि का है। इंद्रप्रस्थ ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट्स के स्वर्णिम इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। विद्यालय को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से औपचारिक मान्यता प्राप्त हो गई है, जिससे क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उम्मीद जगी है।
संस्थान के संस्थापक सुमन कुमार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि विद्यालय की शुरुआत पिछले वर्ष अप्रैल माह में हुई थी और अल्प समय में ही इसे प्लस टू (10+2) तक की मान्यता मिलना पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। अब विद्यालय में विज्ञान, कला एवं वाणिज्य—तीनों संकायों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
विद्यालय में आधुनिक और समग्र शिक्षा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें कंप्यूटर लैब, इंग्लिश स्पोकन और फ्रेंच क्लासेस, आउटडोर व इंडोर खेल सुविधाएं, सभी विज्ञान विषयों की प्रयोगशालाएं, संगीत वाद्य प्रशिक्षण, गायन एवं नृत्य जैसी सह-पाठ्य गतिविधियां शामिल हैं। साथ ही विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध है।
विद्यालय प्रबंधन ने सीतामढ़ी जिले के अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय की स्थापना के साथ ही बड़ी संख्या में बच्चों का नामांकन अभिभावकों के विश्वास को दर्शाता है। इंद्रप्रस्थ ग्रुप ने स्पष्ट किया कि संस्थान का लक्ष्य केवल अकादमिक सफलता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का चौमुखी विकास सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि इंद्रप्रस्थ ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट्स का यह प्रयास क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा को नई दिशा देने की ओर एक मजबूत और सराहनीय कदम माना जा रहा है।

