यूरोप में कोरोना ने फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया है। यूरोप के कई देशों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। रूस, ब्रिटेन, जर्मनी समेत कई देशों में कोरोना के दैनिक मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। रूस में तो कोरोना के रिकॉर्ड केस दर्ज हुए हैं। रोजना 17 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। वहीं 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही हैं। रूस के एक सरकारी संगठन ने बताया कि देश में बीते एक सप्ताह के दौरान संक्रमण के मामलों में 50 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, जबकि मॉस्को में दोगुने से अधिक की वृद्धि हुई है।

रूस में जून के पहले सप्ताह में संक्रमण के 13,510 मामले सामने आए थे। धीरे-धीरे कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। 20 जून को 17 हजार से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं। वहीं मॉस्को में एक सप्ताह पहले संक्रमण के मामलों की संख्या 4,000 हजार थी, जो दोगुनी रफ्तार से बढ़कर 8500 हो गई। प्रशासन ने दुकानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आने जाने वाले लोगों के लिए मास्क और गल्बस पहनना अनिवार्य कर दिया है। नियमों की अनदेखी करने पर 70 डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में महामारी फैलने के बाद से अब तक लगभग 52 लाख लोग संक्रमित पाए गए हैं और 126,000 की मौत हो गई।

रूस में कोरना के बढ़े मामलों पर राष्ट्रपति चिंतित
बढ़ते मामलों पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कहा है कि देश के कई इलाकों में संक्रमण की स्थिति गंभीर है। राष्ट्रपति पुतिन ने पिछले दिनों निचले सदन में कहा,’दुर्भाग्य से कोरोना महामारी फिर से बढ़ने लगी है। कई क्षेत्रों में स्थिति पहले से ज्यादा खराब है। इसलिए इन इलाकों में फिर से लोगों के टीकाकरण की योजना बनाई जा रही है। रूस में अब तक 3 करोड़ लोगों को टीके लगे हैं। जोकि कुल आबादी का 11.2% ही है। इसमें भी 12.3% लोगों को पहली डोज और 10.2% लोगों को दोनों डोज लग चुकी है।

इनपुट : अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *