भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 3 लाख 14 हजार 835 नए केस आए हैं। ये दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में सबसे ज्यादा नए मामले हैं। वहीं इसी अवधि में कोरोना से रिकॉर्ड 2104 लोगों की जान भी चली गई है। भारत में अब कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख 84 हजार 657 हो गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के अनुसार बुधवार को एक लाख 78 हजार 841 लोग डिस्चार्ज भी हुए। वहीं एक्टिव केसों की संख्या 22 लाख 91 हजार 428 हो गई है।

भारत में न केवल पहली बार कोरोना के तीन लाख से अधिक मामले आए बल्कि वर्ल्डमीटर के मुताबिक अमेरिका में 8 जनवरी को आए सबसे ज्यादा 3 लाख 7 हजार 581 कोरोना केस का रिकॉर्ड भी टूट गया।

भारत में कोरोना की सबसे खतरनाक लहर

भारत में कोरोना की लहर कितनी खतरनाक है इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है केवल 17 दिनों में कोरोना के मामले यहां 1 लाख से तीन लाख को पार कर गए। भारत में 4 अप्रैल को 1 लाख कोरोना के केस आए थे।

इस दौरान हर दिन नए केसों में औसतन 6.76 प्रतिशत की वृद्धि होती रही। कोरोना के नए मामलों में वृद्धि का ये प्रतिशत अमेरिका से करीब चार गुणा ज्यादा है। गौरतलब है कि भारत के अलावा अमेरिका ही केवल दूसरा देश है जहां कोरोना के एक दिन में एक लाख से भी ज्यादा केस आए हैं।

हालांकि प्रति 10 लाख जनसंख्या और मौतों के आंकड़े की बात करें तो अमेरिकी की स्थिति सबसे खराब रही। अमेरिका में अभी तक प्रति 10 लाख 97,881 केस आते रहे हैं। ये भारत के 11,418 से नौ गुणा ज्यादा है।

वहीं अमेरिका में अब तक प्रति 10 लाख में 1752 लोगों की मौत हुई है। ये भी भारत के प्रति 10 लाख 132 मौतों से 13 गुणा ज्यादा है। हालांकि, भारत में मौजूद स्थिति ने ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कमर तोड़ दी है।

भारत के किन राज्यों में सबसे अधिक कोरोना केस

भारत में 17 राज्यों में बुधवार को कोरोना के सबसे अधिक नए मामले दर्ज किए गए। यूपी में बुधवार को 33 हजार 214 नए कोरोना केस आए। ये यूपी में एक दिन में अब तक के सबसे अधिक नए केस हैं।

इसके अलावा कर्नाटक में 23,558 केस, केरल में 22,414 केस, राजस्थान में 14, 622 केस, मध्य प्रदेश में 13,107 नए केस बुधवार को आए। गुजरात में भी बुधवार को 12,553 केस और बिहार में 12,222 केस सामने आए। साथ ही तमिलनाडु में 11,681 केस, बंगाल में 10,784 केस, हरियाणा में 9,623 केस, झारखंड में 5041 केस, पंजाब में 4970 केस, उत्तराखंड में 4807 नए केस मिले।

ये सभी इन राज्यों में एक दिन में आने वाले सबसे अधिक मामले हैं। तेलंगाना में भी अभी तक का सबसे अधिक 6542, जम्मू-कश्मीर में 2204 और गोवा में 1501 मामले आए।

महाराष्ट्र में बुधवार को 67,468 मामले सामने आए। राज्य में एक दिन में नए केसों में ये दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। दिल्ली में 24,638 ने केस बुधवार को आए। इससे पहले राजधानी में मंगलवार को 28,935 केस आए थे।

Input : Lokmat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *