लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी मुजफ्फरपुर में नये कोरोना पॉजिटिव मिले। इन नये 20 मरीजों में तीन रेलकर्मी हैं। नौ मुजफ्फरपुर जंक्शन और 11 सदर अस्पताल में जांच के दौरान पॉजिटिव पाये गये। सबकी एंटीजन किट से जांच हुई। आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए शनिवार को इनके सैंपल लिये जाएंगे। गुरुवार को भी छह पॉजिटिव मरीज मिले थे। अब जिले में कुल एक्टिव केस की संख्या छह से बढ़कर 26 हो गई है। सबको होम आइसोलेशन में रखा गया है।

गुरुवार को मिले छह संक्रमितों की शुक्रवार को आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए एसकेएमसीएच में सैंपल लिये गये। यहां से ओमिक्रॉन जांच के लिए भी सैंपल पुणे भेजे जाएंगे। एंटीजन किट टेस्ट के नोडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि कल जिन छह मरीजो की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी, उनमें दो महिलाएं भी थीं। एक महिला कोलकाता से आयीं थी जबकि दूसरी दिल्ली से मुजफ्फरपुर आयीं थीं।

दिल्ली से आयी महिला है गर्भवती

दिल्ली से संक्रमित होकर आने वाली महिला गर्भवती हैं। इसके अलावा एक जीआरपी और एक अर्द्धसैनिक बल का जवान है। जीआरपी जवान ट्रेन में गश्ती ड्यूटी में था। इन सबको होम आइसोलेशन में रखा गया है। प्रारंभिक इलाज शुरू है।

कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग का प्रयास

नोडल पदाधिकारी ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों की कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जीआरपी के सभी जवानों और थानेदार को जांच कराने को कहा गया है। शुक्रवार को जो रेलकर्मी पॉजिटिव आये हैं, उनकी भी कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।

स्टेशन पर सख्ती से जांच, चार काउंटर सक्रिय

बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए स्टेशन पर सख्ती बढ़ा दी गयी है। कोरोना जांच के चार काउंटर बनाये गए हैं। बिना जांच के यात्रियों को बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। 24 घंटे सभी काउंटर चालू हैं। आरपीएफ और जीआरपी यात्रियों की निगरानी में जुटी है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. विनय शर्मा ने दी।

Input : live hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *