मुजफ्फरपुर में घूसखोर अफसर बेनकाब! जिला कृषि पदाधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, 11 लाख से ज्यादा नकद

मुजफ्फरपुर में घूसखोर अफसर बेनकाब! जिला कृषि पदाधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, 11 लाख से ज्यादा नकद

मुजफ्फरपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) सुधीर कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार, 3 जनवरी 2026 को की गई।


निगरानी ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुधीर कुमार को 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उनके मुजफ्फरपुर स्थित किराये के निजी आवास से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उन्होंने संविदा कर्मी संतोष साह से सेवा विस्तार और पुनः योगदान के बदले कुल 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित द्वारा पहले ही 1 लाख 81 हजार रुपये देने के बाद भी शेष राशि के लिए दबाव बनाया जा रहा था।


मामले से परेशान होकर पीड़ित ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से आरोपी अधिकारी को दबोच लिया गया।


गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आरोपी के पटना स्थित तीन मंजिला आवास समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की, जहां 11 लाख रुपये से अधिक नकद, करीब 250 ग्राम सोना-चांदी के आभूषण और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर स्थित कार्यालयों में भी तलाशी की कार्रवाई जारी है।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में यह भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई तीसरी बड़ी ट्रैप कार्रवाई है। फिलहाल आरोपी को पटना ले जाया गया है, जहां विशेष निगरानी न्यायालय में पेशी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


तिरहुत नाउ | मुजफ्फरपुर