नई दिल्ली, 2016 में आयी आर माधवन की निर्देशकीय फिल्म साला खड़ूस से फिल्मों में डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस रितिका सिंह की अगली फिल्म इन-कार (InCar) का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। इनकार एक सरवाइवल थ्रिलर है, जिसका निर्देशन हर्ष वर्धन ने किया है। उनकी यह पहली फिल्म है। कहानी एक सच्ची घटना से प्रेरित है। फिल्म 3 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
लगभग 2 मिनट का ट्रेलर काफी इंटेंस और असरदार है। बेखौफ दरिंदों की हिमाकत और बेबस लड़की की बेचारगी को दिखाता है। दृश्यों में कोई हिंसा नहीं है, मगर संवाद तीखे हैं, जो दहला देते हैं। कार का शीर्षक दोनों मायने बयां करता है- In Car का मतलब हुआ कार में और एक साथ पढ़ें तो यह इनकार उच्चारित होता है।
कुछ गुंडे एक कार में लड़की को बदनीयती से ले जा रहे हैं। उनकी बातों से आतंकित लड़की अंत में इतनी विचलित हो जाती है कि खुद ही सरेंडर होने की बात कहती है।
समाज के डबल स्टैंडर्ड को दिखाती फिल्म
रितिका सिंह बेबस लड़की के रोल में हैं। अपने किरदार के बारे में रितिका कहती हैं- इन-कार वो अनुभव है, जो इस देश की हर महिला महसूस करती है- शब्दों से उत्पीड़न, डबल मीनिंग जोक्स, वासना और कानून का मजाक उड़ाना। कहानी इसी बारे में है कि कैसे कुछ लोग महिलाओं को वस्तु की तरह समझते हैं, लेकिन अपनी मां और बहनों की आबरू उनके लिए अहम होती है। यह ऐसी कहानी है, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग जुड़ सकेंगे।
इन-कार का निर्माण साजिद कुरैशी ने किया है। नानू की जानू, फ्राइडे बनाने वाले प्रोडक्शन कम्पनी इनबॉक्स पिक्चर्स इसे प्रस्तुत कर रही है। फिल्म को लेकर हर्ष वर्धन ने कहा कि इन-कार एक रियलिस्टिक, हार्ड हिटिंग और तनाव से भरी किडनैपिंग कहानी है, जो एक तेज रफ्तार कार के अंदर घटती है।
हरियाणा में दिखायी गयी है कहानी
यह उस लड़की के साइकोलॉजिकल दबाव को दिखाती है, जिसके सामने अचानक जिंदगी और मौत का सवाल आ गया हो। फिल्म की कहानी हरियाणा में सेट की गयी है। रितिका सिंह के अलावा मनीष झंझोलिया, संदीप गोयाट, सुनील सोनी और ज्ञान प्रकाश प्रमुख भूमिकाओं में दिखेंगे। फिल्म हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की जाएगी।
इनपुट : दैनिक जागरण