मुजफ्फरपुर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की मोटरसाइकिल संग 2 शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की मोटरसाइकिल संग 2 शातिर गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-2) विनीत सिन्हा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि मामला 19 मार्च 2026 का है, जब ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई थी। पीड़िता मंजू देवी के आवेदन के आधार पर ब्रह्मपुरा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें नगर पुलिस एवं ब्रह्मपुरा थाना की टीम को शामिल किया गया।


जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की। इसी क्रम में 20 मार्च 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—मो. अरमान और मो. हलचल—को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कांटी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने इनके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी पेशेवर वाहन चोर हैं और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।


गिरफ्तार आरोपी मो. अरमान के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सदर थाना और ब्रह्मपुरा थाना के मामले शामिल हैं। फिलहाल पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।