बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (Bihar School Examination Board) ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस वर्ष कुल 85.19% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं, जिसमें लड़कियों ने एक बार फिर बाज़ी मारते हुए 86.23% पास प्रतिशत हासिल किया, जबकि 84.09% लड़के सफल रहे।
रिजल्ट जारी होते ही पूरे बिहार में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्सुकता चरम पर रही और परिणाम आते ही जश्न का माहौल बन गया।
इस बार टॉपर्स की सूची में बेटियों का दबदबा साफ नजर आया है। तीनों संकाय—आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस—को मिलाकर कुल 26 टॉपर्स में 19 छात्राएं शामिल हैं, जबकि केवल 7 छात्र ही जगह बना सके। आर्ट्स संकाय में गया की निशु कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं कॉमर्स में पटना की अदिति कुमारी टॉपर रहीं। साइंस स्ट्रीम में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश ने राज्य में पहला स्थान हासिल किया।

बिहार बोर्ड ने इस बार भी रिकॉर्ड कायम रखते हुए मात्र 35 दिनों के भीतर परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। लगातार आठवीं बार सबसे पहले रिजल्ट घोषित करने का श्रेय भी बोर्ड को ही जाता है। लगभग 13 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हुए थे, जो 1 फरवरी से 15 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी। तेज और पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया को इस सफलता का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इसी बीच मुजफ्फरपुर के लिए गर्व की खबर सामने आई है। जिले की बेटी पलक कुमारी ने विज्ञान संकाय में शानदार प्रदर्शन करते हुए 95% अंक हासिल किए हैं और राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट में पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
राजकीयकृत सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजीजपुर (सरैया) की छात्रा पलक ने 475 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी मेहनत, लगन और समर्पण ने उन्हें बिहार के टॉपर्स की सूची में स्थान दिलाया है।
पलक की इस सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे मुजफ्फरपुर जिले में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
