मुजफ्फरपुर में बड़ा खुलासा: हथियार, कारतूस और लूट की बाइक संग 3 शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में बड़ा खुलासा: हथियार, कारतूस और लूट की बाइक संग 3 शातिर गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट और आपराधिक वारदातों में शामिल गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, लूटी गई मोटरसाइकिल समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।


घटना 20 मार्च 2026 की शाम की है, जब जैतपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर विशंभरपुर चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ, जिसके बाद तीनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार (सरैया थाना), अमरजीत कुमार और अंकित कुमार (दोनों करजा थाना) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कई आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, ये गिरोह जिले के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी लूट, छिनतई और डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देता था।


पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर छापेमारी कर लूटी गई बाइक, देसी पिस्टल, कारतूस, चाकू, चार मोबाइल फोन, 17,400 रुपये नकद, दो ब्लैंक नंबर प्लेट और एक रेनकोट भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि ये अपराधी वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी करने के लिए एलईडी बल्ब और स्क्रू कूपन जैसे सामान का इस्तेमाल करते थे।


जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पहले भी कई थानों में दर्ज मामलों में शामिल रहे हैं, जिनमें वैशाली थाना सहित अन्य क्षेत्रों के केस शामिल हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।