साइड नहीं दिया तो ठोक दिया– NH-27 पर दिनदहाड़े रोड रेज में ऑटो चालक को मारी गोली

साइड नहीं दिया तो ठोक दिया– NH-27 पर दिनदहाड़े रोड रेज में ऑटो चालक को मारी गोली

मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब दिनदहाड़े रोड रेज की घटना में एक ऑटो चालक को गोली मार दी गई। यह सनसनीखेज मामला कांटी थाना क्षेत्र के एनएच-27 का है, जहां एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।


जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांव निवासी ऑटो चालक सुधीर कुमार सवारी लेकर मुजफ्फरपुर से कांटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छपरा काली मंदिर के पास फोरलेन पर पीछे से आ रही एक सफेद स्कोडा कार ने ओवरटेक करने के लिए साइड मांगी। बताया जा रहा है कि साइड देने में थोड़ी देरी होने पर कार सवार युवक गुस्से में आ गए और ऑटो चालक से विवाद करने लगे।


कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद कार सवार बदमाशों ने ऑटो को जबरन रोक लिया। इसके बाद उन्होंने चालक को घेरकर पहले जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान ही एक युवक ने पिस्टल निकाल ली और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। दो राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली चालक की आंख के नीचे से छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी गोली से उसने किसी तरह खुद को बचा लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।


फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत कांटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि हमलावर सफेद स्कोडा कार में सवार थे और उनकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब सड़क पर चलना भी सुरक्षित नहीं रहा। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।