औराई हत्याकांड का खुलासा: पुलिस ने आरोपी को दबोचा, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

औराई हत्याकांड का खुलासा: पुलिस ने आरोपी को दबोचा, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बार फिर तेज़ और प्रभावी कार्रवाई करते हुए औराई थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 29 जनवरी 2026 को औराई थाना अंतर्गत ग्राम महुआरा में एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।


घटना में घायल राकेश दास, पिता स्व. राजेन्द्र दास को ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के संबंध में मृतक के चाचा द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर औराई थाना कांड संख्या 27/26 दर्ज की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-01 तथा औराई थाना पुलिस को भी शामिल किया गया। घटनास्थल से एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया।


पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त आरोपी मिडु दास, पिता शनिचर दास, निवासी ग्राम महुआरा, थाना-औराई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्याकांड में प्रयुक्त लोहे की खंती (01) और बांस का डंडा (02) बरामद किया गया है।


पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई लगातार की जा रही है, जबकि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।


मुजफ्फरपुर पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था की दिशा में एक अहम सफलता माना जा रहा है, जिससे अपराधियों में स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध कर बचना अब आसान नहीं होगा।