मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शुक्रवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता इलाके में स्थित एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली।
मिली जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधी अचानक सुस्ता स्थित गोल्डेन हाउस ज्वेलर्स में घुस आए। हथियारों के बल पर बदमाशों ने दुकान में मौजूद दुकानदार और अन्य लोगों को बंधक बना लिया। इस दौरान पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
दुकान के प्रोपराइटर धर्मेंद्र साह ने बताया कि अपराधियों ने आते ही सभी को चुप रहने को कहा और हथियार तान दिए। कुछ ही मिनटों में बदमाशों ने शोकेस और तिजोरी में रखे आभूषणों के साथ गल्ले में रखी नकदी समेट ली। वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ अहम फुटेज हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 10 लाख रुपये की लूट सामने आई है।
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी और एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
