17 फरवरी से 4 मार्च तक चक्कर मैदान में होगी अग्निवीर भर्ती रैली, 7040 अभ्यर्थी देंगे शारीरिक दक्षता परीक्षा

17 फरवरी से 4 मार्च तक चक्कर मैदान में होगी अग्निवीर भर्ती रैली, 7040 अभ्यर्थी देंगे शारीरिक दक्षता परीक्षा

मुजफ्फरपुर | 27 जनवरी 2026 | Tirhut Now


भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती 2025–26 के तहत मुजफ्फरपुर जिले में आयोजित होने वाली भर्ती रैली की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह भर्ती रैली 17 फरवरी से 4 मार्च 2026 तक शहर के ऐतिहासिक चक्कर मैदान में आयोजित की जाएगी। रैली के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा में कुल 7040 अभ्यर्थी शामिल होंगे।


भर्ती रैली को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और सेना के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। बैठक में भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा हुई।


भर्ती निदेशक सह कर्नल संपत यादव ने बताया कि रैली के दौरान पांच ट्रेडों—अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास)—के लिए चयन प्रक्रिया होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अगले दिन मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा।


जिलाधिकारी ने चक्कर मैदान में बैरिकेडिंग, ग्राउंड लेवलिंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र, मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया।


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और होमगार्ड की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग को लूज वायर हटाने और बेहतर लाइटिंग सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। अभ्यर्थियों की सहायता के लिए “May I Help You” हेल्पलाइन नंबर 80928 28689 जारी किया गया है। रेलवे स्टेशन पर भी हेल्प डेस्क लगाया जाएगा।


भर्ती रैली का आयोजन जिलेवार तिथियों के अनुसार होगा। नोडल पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन शैलेश कुमार चौधरी को नामित किया गया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि भर्ती रैली पूरी अनुशासन, सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।