मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 22 पर बुधवार की सुबह यात्रियों से भरी एक बस का सफर अचानक दहशत में बदल गया। गोपालपुर चौक से पश्चिम, हथौड़ी थाना क्षेत्र में करीब आठ बजे बस और ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस पर सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान अचानक दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस और ट्रक के चालक मौके से फरार हो गए, जिससे नाराजगी भी देखी गई।
सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही फरार चालकों की तलाश भी की जा रही है।

