पंकज मार्केट में मामूली विवाद बना जानलेवा, युवक की पीट-पीटकर हत्या; वारदात CCTV में कैद

पंकज मार्केट में मामूली विवाद बना जानलेवा, युवक की पीट-पीटकर हत्या; वारदात CCTV में कैद

मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। पंकज मार्केट स्थित शंकरबाग लेन, नूनफर में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।


मृतक की पहचान शंकरबाग लेन नूनफर निवासी नितेश कुमार उर्फ रूपा के रूप में हुई है। वह पंकज मार्केट में पालदार का काम करता था। बताया जा रहा है कि जिस युवक से उसका विवाद हुआ, वह भी उसी मार्केट की एक दुकान में कार्यरत है। हालांकि विवाद की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार देर रात दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोपितों ने नितेश कुमार को बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल नितेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजन एसकेएमसीएच से शव लेकर मोहल्ले की ओर रवाना हो चुके हैं।


इधर, घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।