मुजफ्फरपुर की एक सामान्य दोपहर अचानक सनसनी में तब बदल गई, जब सुरक्षा घेरे में रखा गया एक आरोपित पुलिस की आंखों के सामने से फरार हो गया। मामला श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SKMCH) का है, जहां वार्ड नंबर-1 से हथकड़ी में बंधा कैदी रस्सी काटकर फरार हो गया और सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले वह गायब हो चुका था।
जानकारी के मुताबिक, फरार आरोपी रंजीत कुमार, मझौलिया धर्मदास रतवारा का निवासी है, जिसे कच्ची पक्की थाना पुलिस ने 25 मार्च को एक पुराने वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच के दौरान उसे SKMCH में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था।
घटना के दिन सुबह शौच से लौटने के बाद आरोपी को वार्ड में बेड पर बैठाया गया था। इसी दौरान सुरक्षा में तैनात तीन सिपाही कुछ समय के लिए बगल में चले गए। बस इसी चंद मिनटों की ढील ने आरोपी को मौका दे दिया। उसने हथकड़ी की रस्सी काटी और फरार हो गया। जब तक वार्ड में मौजूद मरीज और उनके परिजन शोर मचाते, वह अस्पताल परिसर से बाहर निकल चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल अस्पताल परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। कच्ची पक्की थाना पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
