मड़वन (मुजफ्फरपुर)। प्रखंड क्षेत्र के रक्सा स्थित शिवसागर धाम परिसर में शनिवार को विकास शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक अजीत कुमार ने किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
शिविर में लोगों की समस्याओं को सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि कुछ समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
ग्रामीणों ने नल-जल योजना, बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम विभाग से जुड़ी समस्याएं, दलित बस्ती की मूलभूत सुविधाएं, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, सड़क निर्माण तथा शिवसागर धाम के पास पुल निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई। इसके अलावा किसानों ने मरुआ फसल की बुआई से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं।
विधायक अजीत कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित वर्ग को प्राथमिकता देते हुए उनके कार्यकाल में हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से आयोजित गोद भराई की रस्म भी विधायक के हाथों संपन्न कराई गई, जिससे महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर बीडीओ बिनय कुमार, सीडीपीओ अंशु बाला, एमओ विवेक आनंद, कृषि समन्वयक संतोष सिंह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि इंदल साह, शक्ति सुमन, सुशील कुमार उर्फ भोला, राजेश कुमार, राजेश सहनी, अनिल पटेल, टुनटुन सहनी, कुमोद श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों ने इस तरह के शिविर को जनसमस्याओं के समाधान के लिए उपयोगी पहल बताते हुए इसे नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

