खैनी मांगने के विवाद में चली गोली, कांटी गोलीकांड का सफल उद्भेदन

खैनी मांगने के विवाद में चली गोली, कांटी गोलीकांड का सफल उद्भेदन

मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।


यह घटना 01 फरवरी 2026 की है। कांटी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव स्थित लीची बगान में उस समय अफरातफरी मच गई, जब वीरेंद्र कुमार राय को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र राय शौच के लिए लीची गाछी पहुंचे थे। इसी दौरान वहां तीन युवक स्मैक का नशा कर रहे थे। खैनी मांगने को लेकर हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और विवाद के दौरान एक युवक ने पिस्टल निकालकर वीरेंद्र राय के सीने पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी-01) एवं कांटी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच-पड़ताल शुरू की। घायल वीरेंद्र राय को स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


पीड़ित के भाई के फर्द बयान के आधार पर कांटी थाना में कांड संख्या 67/26 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01) ने किया, जिसमें कांटी थाना की पुलिस टीम को शामिल किया गया।


पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान—
• मो. सैफ, पिता—फुन्नु उर्फ आलमगीर
• मो. इरशाद, पिता—अब्दुल गफूर
• मो. कैफ, पिता—मो. फुन्नु उर्फ आलमगीर
तीनों अभियुक्त दामोदरपुर, थाना—कांटी, जिला—मुजफ्फरपुर के निवासी बताए गए हैं।


गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल और दो मिसफायर कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गोलीकांड में अपनी भूमिका स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है, वहीं आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच की जा रही है।


मुजफ्फरपुर पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।