मुजफ्फरपुर, 28 मई 2025: बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कांग्रेस ने ‘माई बहिन मान’ योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत महागठबंधन की सरकार बनने पर जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह ऐलान मुजफ्फरपुर के जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक मैदान में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने किया।
कर्नाटक और तेलंगाना से प्रेरणा, बिहार में भी बदलाव का वादा
अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि कांग्रेस की कर्नाटक सरकार पहले से ही जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2000 रुपये की सहायता दे रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। वहीं, नगर विधायक विजेंद्र चौधरी ने तेलंगाना का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां जातीय जनगणना के आधार पर आरक्षण की सीमा को समाप्त किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया, “बिहार में कब हमारी आधी आबादी को उनका आधा हक मिलेगा?
महिलाओं के स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
महिला जिला अध्यक्ष जूही प्रितम ने बिहार में महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “बिहार में 64% महिलाएं सेनेटरी पैड के बजाय कपड़े का उपयोग करती हैं, जिससे एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। हमारी सरकार बनने पर महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सस्ता गैस सिलेंडर और मिस्ड कॉल से रजिस्ट्रेशन
कृपाशंकर शाही ने बताया कि बिहार में 90% महिलाएं महंगे गैस सिलेंडर के कारण लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, “तेलंगाना में कांग्रेस सरकार 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है। महागठबंधन की सरकार बनने पर बिहार में भी यह सुविधा लागू की जाएगी।” साथ ही, एआईसीसी द्वारा नियुक्त जिला प्रभारी जे पी धयाल ने बताया कि ‘माई बहिन मान’ योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं 8800023525 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं।
घर-घर पहुंचेगा ‘माई बहिन मान’ अभियान
कांग्रेस ने इस योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कांटी प्रखंड के शहबाजपुर गांव से फॉर्म वितरण अभियान की शुरुआत की। अरविंद कुमार मुकुल ने कहा, “हमारे कार्यकर्ता जिले के हर प्रखंड में घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे और इस योजना को हर जरूरतमंद महिला तक पहुंचाएंगे।”